देवभोग में हाईवोल्टेज चेजिंग: हादसे के बाद पकड़े गए गांजा तस्कर, डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद

गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को पहले से थी पुख्ता सूचना

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा भरकर मध्य प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने अपनी कारों की मध्य प्रदेश नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी। हालांकि, देवभोग पुलिस को मुखबिर से पहले ही इसकी सटीक सूचना मिल चुकी थी, जिसके बाद इलाके में तत्काल नाकाबंदी कर दी गई।

पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश

थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि नाकाबंदी देखकर तस्करों को शक हो गया और उन्होंने भागने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने रोकने का प्रयास कर रहे पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर पीछा शुरू किया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस से बचने के लिए दोनों स्विफ्ट कारें तेज रफ्तार में भाग रही थीं। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।

डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद

कारों की तलाशी लेने पर पुलिस को करीब डेढ़ क्विंटल गांजा मिला। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के गांधी नगर और साजनाबाद क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि अन्य चार की उम्र 22 से 26 वर्ष के बीच है।

बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के इशारे पर मोटी रकम के लालच में गांजा सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com