बस्तर के उसूर ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, नीति आयोग रैंकिंग में देशभर में दूसरा स्थान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब प्रदेश के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रैंकिंग में सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी की लहर है।

मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसूर ब्लॉक की इस उपलब्धि पर जिले के नागरिकों, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता के भरोसे का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और उसूर ब्लॉक ने कठिन परिस्थितियों में जो कार्य किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।

स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत लाई रंग

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय मितानिन बहनों, एएनएम, डॉक्टरों और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य कर दिखाया है।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार अब देश में पहला स्थान हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

मंत्री केदार कश्यप बोले – उसूर बना विकास का मॉडल

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।मंत्री कश्यप ने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से दूर माने जाने वाला उसूर ब्लॉक आज पूरे देश के लिए विकास का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और जिला प्रशासन की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

कलेक्टर विश्वदीप और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय गौरव पूरे जिले के लिए बड़ी प्रेरणा है। शासन और प्रशासन का अगला लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और निखारते हुए आगामी तिमाहियों में देश में पहला स्थान हासिल करना है, जिसके लिए काम तेज कर दिया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com