इलाज के दौरान महिला की मौत से फूटा गुस्सा, परिजनों ने हाईवे जाम कर अस्पताल लाइसेंस रद्द करने की मांग की

गरियाबंद जिले के देवभोग स्थित देवमाता हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का शव नेशनल हाईवे 130-C पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप

मृतिका की पहचान भानुमति मांझी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में प्रसूता को समय पर उचित उपचार नहीं मिला, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे परिजन और समाज के लोगों ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और रास्ता खुलवाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com