धमधा रोड के कोसी रिसोर्ट में ‘फेक मैरिज पार्टी’ पर हंगामा, पुलिस ने मैनेजर पर की कार्रवाई

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में 30 मई को प्रस्तावित फेक मैरिज पार्टी को लेकर रविवार देर रात विवाद की स्थिति बन गई। आयोजन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में रिसोर्ट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हिंदू विवाह संस्कार का मजाक उड़ाने का आरोप

ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की पार्टी भारतीय और हिंदू विवाह परंपराओं का मजाक उड़ाने जैसी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे आयोजन से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। विरोध कर रहे लोगों ने रिसोर्ट प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों में हुई बहस

मामले की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई। माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।

पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आयोजन को लेकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। इसे देखते हुए कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। बाद में उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

कपल एंट्री और ड्रेस कोड बना विवाद की वजह

जानकारी के मुताबिक धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में 30 मई की रात फेक मैरिज पार्टी आयोजित होनी थी। पार्टी में केवल कपल एंट्री रखी गई थी, जिसके लिए 499 रुपए शुल्क तय किया गया था। आयोजन में शामिल होने वाले कपल्स को दूल्हा-दुल्हन के ड्रेस कोड में पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com