जोगीपाली में अवैध रेत खनन पर ग्रामीणों का हल्लाबोल, महिलाओं ने रोकी जेसीबी-हाइवा गाड़ियां

कोरबा जिले के जोगीपाली गांव में अवैध रेत खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार सुबह फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सरकारी रेत खदान पहुंच गए और वहां चल रहे जेसीबी व हाइवा वाहनों को रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने वाहनों की चाबियां भी अपने कब्जे में ले लीं और जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।

पहले भी दिया था ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने खनिज विभाग को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन पर रोक लगाने और गांव के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग की थी। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर ग्रामीण खुद खदान स्थल पर पहुंच गए।जेसीबी और हाइवा से अवैध उत्खनन का आरोपग्रामीणों का आरोप है कि जोगीपाली की सरकारी रेत खदान में नियमों को ताक पर रखकर जेसीबी मशीनों और हाइवा वाहनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। कई बार विरोध और शिकायतों के बावजूद रेत माफियाओं की गतिविधियां लगातार जारी हैं।

नदी का स्वरूप बिगड़ने और हादसों का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी किनारे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। वहीं गांव के भीतर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

सरपंच पर मिलीभगत के आरोप

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम सरपंच शीलकुमारी बिंझवार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कथित मिलीभगत के चलते अवैध खनन का काम लगातार जारी है। हालांकि इस मामले में सरपंच की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकारी रेत खदान का संचालन नियमों के तहत किया जाए और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com