भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, आंधी-बारिश से कई इलाकों में नुकसान

छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिला। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के तार टूटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव जारी रहने और उसके बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।

दुर्ग रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम ओडिशा और आसपास बने चक्रवातीय परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। इसके चलते कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं।

29 मई से बढ़ सकती हैं बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग ने बताया कि 29 मई से प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। दिन में तेज गर्मी और शाम के समय आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक लगातार बढ़े तापमान के कारण जमीन अत्यधिक गर्म हो गई है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं वातावरण में अस्थिरता पैदा कर रही हैं। इसी वजह से आंधी-तूफान वाले बादल बन रहे हैं और अचानक मौसम बदल रहा है।

तीन मौसमी सिस्टम का दिख रहा असर

विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम मौसम परिवर्तन की मुख्य वजह हैं। उत्तर-पश्चिम ओडिशा के आसपास चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक द्रोणिका सक्रिय है, जबकि उत्तर बिहार से दक्षिण तेलंगाना तक एक अन्य द्रोणिका का प्रभाव बना हुआ है।

इन मौसमी परिस्थितियों के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंच रही है, जिससे तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com