डीजल संकट से थमा बिलासपुर: 125 बसें बंद, कंपनियों की चाल पर कलेक्टर सख्त

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में इंडस्ट्रियल डीजल महंगा होने के बाद अब इसका सीधा असर आम लोगों पर दिखाई देने लगा है। औद्योगिक इकाइयों और कंस्ट्रक्शन कंपनियों ने अपने तय ‘कंज्यूमर पेट्रोल पंप’ से डीजल लेना कम कर दिया है और अब सामान्य रिटेल पेट्रोल पंपों से डीजल खरीदा जा रहा है। इससे जिले में डीजल की भारी किल्लत पैदा हो गई है।

आम पेट्रोल पंपों पर बढ़ा दबाव

जानकारी के मुताबिक, उद्योगों को मिलने वाला बल्क डीजल 160 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा कीमत पर मिल रहा है, जबकि सामान्य पेट्रोल पंपों पर रिटेल डीजल करीब 100 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध है। दोनों कीमतों में 60 रुपये से ज्यादा का अंतर होने के कारण कई कंपनियों ने अब सीधे आम पेट्रोल पंपों से डीजल लेना शुरू कर दिया है।इसका असर यह हुआ कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की मांग अचानक बढ़ गई और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

125 बसों का संचालन बंद

डीजल की कमी का सबसे बड़ा असर सार्वजनिक परिवहन पर पड़ा है। जिले में करीब 125 बसों का संचालन बंद हो गया है। वहीं ट्रांसपोर्ट और माल ढुलाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार और रोजमर्रा की गतिविधियों पर असर पड़ने लगा है।

कलेक्टर ने जारी किए नोटिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले की 5 बड़ी कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी है कि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कंपनियों के कंज्यूमर पेट्रोल पंप का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।

रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

खाद्य विभाग की 2026 की समीक्षा रिपोर्ट में कई कंपनियों के डीजल उठाव में भारी गिरावट सामने आई है।

बाहुबली कंस्ट्रक्शन का उठाव हुआ शून्य

मेसर्स बाहुबली कंस्ट्रक्शन (सीओ लैंडमार्क इंजीनियर्स) ने अप्रैल 2025 में 97.52 किलोलीटर और मई 2025 में 16.53 किलोलीटर डीजल उठाव किया था। लेकिन अप्रैल और मई 2026 में कंपनी का उठाव सीधे शून्य दर्ज किया गया।

हिन्दमल्टी सर्विस का भी यही हाल

मेसर्स हिन्दमल्टी सर्विस प्रा. लि. ने अप्रैल 2025 में 16.53 किलोलीटर और मई 2025 में 40.5 किलोलीटर डीजल लिया था। जबकि इस साल दोनों महीनों में डीजल उठाव शून्य हो गया।

क्लीन कोल इंटरप्राइजेस में भारी गिरावट

क्लीन कोल इंटरप्राइजेस प्राइवेट लिमिटेड ने अप्रैल 2025 में 200 किलोलीटर और मई 2025 में 152.07 किलोलीटर डीजल उठाया था। लेकिन अप्रैल 2026 में उठाव शून्य और मई 2026 में केवल 19.83 किलोलीटर दर्ज किया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com