विश्रामपुर मामले पर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले – विपक्ष की आवाज दबा रही सरकार

रायपुर। Deepak Baij ने विश्रामपुर मामले को लेकर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक दबाव बनाकर कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है और पुलिस प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है।

विश्रामपुर धरने को लेकर सरकार पर निशाना

दीपक बैज ने कहा कि 25, 26 और 27 मई को सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस को धरना प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानना जरूरी है कि आखिर कांग्रेस को सड़क पर क्यों उतरना पड़ा। बैज के मुताबिक सरकार जानबूझकर शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को रोककर रखी थी, क्योंकि यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ माना जाता है।उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत उपचुनाव में भाजपा बैकफुट पर है और इसी वजह से प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है।

BJYM कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और उनकी पत्नी के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने घर पहुंचकर दुर्व्यवहार किया। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष के दबाव में कांग्रेस उपाध्यक्ष के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर दी गई।बैज ने कहा कि पुलिस के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और पूरी कार्रवाई एकतरफा तरीके से की गई। कांग्रेस ने जब इसका विरोध किया तो प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं हुई, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने आमरण अनशन शुरू किया।उन्होंने बताया कि धरना और अनशन के दबाव के बाद देर रात BJYM कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। बैज ने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में दो तरह का कानून चल रहा है?

मोबाइल चोरी मामले में भी सरकार को घेरा

दीपक बैज ने अपने मोबाइल चोरी मामले को लेकर भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अब तक उनका मोबाइल बरामद नहीं किया जा सका है, जबकि अन्य मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।बैज ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल मिल गया और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी भी गिरफ्तार हो गए, लेकिन उनका मोबाइल अब तक नहीं मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “दीपक बैज का मोबाइल घूम गया, लेकिन पकड़ाया नहीं।”

कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लूट, चोरी, गोलीबारी, चाकूबाजी और जानलेवा हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही।उन्होंने कहा कि जनता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है, लेकिन सरकार हालात संभालने में विफल साबित हो रही है। बैज ने कहा कि जब कांग्रेस अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ती है तो उसे गुंडागर्दी बताया जाता है।

विधायक रामकुमार टोप्पो पर भी साधा निशाना

दीपक बैज ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने तहसीलदार को कमरे में बंद कर मारपीट की, लेकिन सरकार इस मामले में कार्रवाई से बच रही है।बैज ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वे अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष के नेताओं पर लगे आरोपों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को लेकर तंज

दीपक बैज ने भाजपा विधायक दीपेश साहू के मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाई गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com