फिंगेश्वर में कांग्रेस का प्रदर्शन, सहकारी समिति का घेराव कर किया चक्काजाम

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में खाद-बीज की कमी, लगातार बिजली कटौती, पेंशन और आवास योजना जैसी समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसान सहकारी समिति का घेराव करने के साथ सड़क पर चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, महिला कांग्रेस और नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।

9 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों और गरीबों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।प्रदर्शनकारियों ने वृद्धा पेंशन, आवास योजना का लाभ, बिजली व्यवस्था में सुधार और किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।

अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेताओं ने गरियाबंद जिले में अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के चलते जिले में लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है, जिससे राजस्व का नुकसान होने के साथ पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंच रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com