मुंबई लोकल ट्रेन में महिला को बेल्ट से पीटा, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, बोला- वो तो ट्रांसजेंडर थी

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से अपराध की एक और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. ट्रेन में सीट को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने सहयात्री की बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने महज 12 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना पश्चिम रेलवे के जोगेश्वरी स्टेशन के पास चलती लोकल ट्रेन में घटी. वायरल वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति और सामने बैठे यात्री के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी. देखते ही देखते आरोपी अपना आपा खो बैठा. वो बार-बार गालियां और धमकियां देने लगा. इसके बाद आरोपी ने अपनी कमर से बेल्ट निकाली और पीड़ित पर हमला कर दिया.

गोवंडी से पकड़ा गया आरोपी, पहचान पर सस्पेंस

6 अगस्त को घटना का वीडियो वायरल होते ही रेलवे पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की. CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर GRP ने आरोपी मोहम्मद रिजवान अंसारी को मुंबई के गोवंडी इलाके से हिरासत में ले लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया है कि जिस व्यक्ति के साथ उसकी मारपीट हुई, वह महिला नहीं बल्कि एक ट्रांसजेंडर (किन्नर) था. फिलहाल पुलिस पीड़ित की तलाश कर रही है ताकि उसके बयान के आधार पर मामले की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

बढ़ते अपराधों से यात्रियों में खौफ

मुंबई लोकल ट्रेनों में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. गौरतलब है कि महज एक महीने पहले नालासोपारा से चर्चगेट जा रही लोकल ट्रेन में बोरीवली के पास दरवाजा बंद करने के मामूली विवाद में मयंक लोहार नाम के युवक की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी. बैक-टू-बैक हो रही इन घटनाओं से आम यात्रियों में डर का माहौल व्याप्त है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com