सलमान खान के घर के बाहर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत, जानें पूरा मामला

अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात मुंबई पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल गणेश रायते (41) शुक्रवार शाम करीब 6 बजे गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे.
जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान गणेश को अचानक बेचैनी महसूस हुई. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए भाभा अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मुंबई पुलिस महकमे में शोक
गणेश रायते मुंबई पुलिस की LA-4 यूनिट में तैनात थे. बताया जा रहा है कि वे पहले भारतीय सेना में सेवा दे चुके थे और बाद में मुंबई पुलिस में भर्ती हुए थे. इस घटना के बाद मुंबई पुलिस महकमे में शोक का माहौल है.
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सलमान
असम में आई भीषण बाढ़ से हजारों परिवारों की ज़िंदगी बर्बाद हो गई है. इस मुश्किल समय में कई लोग और संस्थाएं राहत कार्य कर रही हैं. इसी बीच, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने एक NGO के साथ मिलकर बाढ़ से प्रभावित और बेघर हुए लोगों के लिए 500 सेमी-परमानेंट घर बनाने का काम शुरू किया है.
500 सेमी-परमानेंट घर बनाए जाएंगे
सलमान खान की संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ ने पहले भी आपदा प्रभावित इलाकों में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने का काम किया है. अब, खबरों के अनुसार, राहत अभियान का दूसरा चरण शुरू हो गया है, जिसमें बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, असम में बेघर हुए परिवारों के लिए 500 सेमी-परमानेंट घर बनाने की योजना पर काम चल रहा है. असम इन दिनों दशकों की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है. सलमान की इस पहल की हर तरफ़ तारीफ़ हो रही है.











