PM मोदी से मुलाकात, फिर महिला आरक्षण-परिसीमन को बादल का समर्थन, पंजाब में क्या पक रहा?

शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने शनिवार को महिलाओं के लिए आरक्षण और निष्पक्ष एवं समान परिसीमन सुनिश्चित करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को तत्काल लागू करने का समर्थन किया. समर्थन की घोषणा पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद की गयी है.

एक्स पर एक पोस्ट में, बादल ने कहा कि पार्टी सिख गुरुओं से प्रेरणा लेती है, जिन्होंने महिलाओं की इज्जत, बराबरी और समान अधिकारों की वकालत की.

उन्होंने लिखा, “शिरोमणि अकाली दल ने आज चंडीगढ़ में अपने वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक में देश में महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करने की मांग की. शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं की इज्जत, बराबरी और समान अधिकारों की वकालत की. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सदन में महिलाओं के आरक्षण का प्रावधान करके पहले ही एक मिसाल कायम की है.”

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को SAD का समर्थन

बादल ने लिखा, “संसद के सामने मुख्य मुद्दों पर विस्तृत में विचार-विमर्श के बाद, शिरोमणि अकाली दल ने निष्पक्ष एवं समान परिसीमन की भी मांग की, जो सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करे. शिरोमणि अकाली दल ने पेश किए गए प्रस्ताव का समर्थन किया.” उन्होंने कहा, “हमने सदन में भारत सरकार से सभी राज्यों में सीटों की संख्या में एक जैसी 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने के लिए कहा है.”पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि महिला आरक्षण और परिसीमन तुरंत लागू किया जाना चाहिए. यह बयान ऐसे समय आया है, जब ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि बादल की पीएम मोदी से मुलाकात अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पुराने साथियों के फिर से हाथ मिलाने का रास्ता बना सकती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com