बिलासपुर में जमानत के लिए तंत्र-मंत्र: श्मशान में चीफ जस्टिस की तस्वीर, मरी मछली-नींबू मिला; पुलिस बोली—‘ये क्या कर रहे हो?’

बिलासपुर, 08 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट में कथित तंत्र साधना का मामला सामने आया है। ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में शुक्रवार रात चार युवक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर कथित रूप से पूजा-पाठ कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस को श्मशान घाट से मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और अन्य पूजा सामग्री मिली है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने पूछा- ‘जज को मारना चाहते हो क्या?’

वायरल वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। पुलिसकर्मी उससे पूछता है कि ‘जज को ही मारना चाहते हो क्या?’ इसके जवाब में युवक कहता है कि वह पढ़ा-लिखा है और ऐसा कोई काम नहीं करता।

पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर, बिलासपुर के रूप में हुई है। शुरुआत में उसने श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया और बताया कि वह गांव में घूमने आया था। उसने खुद को बिल्डर भी बताया।

रिश्तेदार की जमानत के लिए तंत्र साधना का दावा

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ऋषिकेश सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। तांत्रिक ने कथित तौर पर दावा किया था कि श्मशान घाट में तंत्र क्रिया करने से जेल में बंद उसके रिश्तेदार को जमानत मिल सकती है।

बताया जा रहा है कि युवक का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत याचिका हाईकोर्ट में लगी हुई है। इसी जमानत के लिए चीफ जस्टिस समेत दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर कथित तंत्र साधना किए जाने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों को देखकर भागे चार युवक, एक पकड़ा गया

ग्रामीणों के मुताबिक, देवरी के मुक्तिधाम में शुक्रवार रात कुछ युवक काफी देर से संदिग्ध गतिविधियां कर रहे थे। शक होने पर ग्रामीणों ने निगरानी की और फिर एकजुट होकर श्मशान घाट पहुंच गए।

ग्रामीणों को आता देख चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। इसके बाद पकड़े गए युवक को सीपत पुलिस के हवाले कर दिया गया।

तस्वीरों और पूजा सामग्री की जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने मौके से मिली तस्वीरों और पूजा सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्मशान घाट में वास्तव में किस उद्देश्य से यह गतिविधि की जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मामले में तंत्र साधना के पीछे की वास्तविक वजह और फरार तीन युवकों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com