रायगढ़ में हाथी का आतंक, ग्रामीण की मौत; बस्ती के पास पहुंचा था जंगली हाथी

रायगढ़ जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। जंगल से निकलकर बस्ती के पास पहुंचे हाथी का सामना ग्रामीण से हो गया, जिसके बाद हाथी ने उस पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज की है।
बस्ती के पास हाथी ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, बाकारूमा रेंज के ग्राम जमावीरा निवासी रतन गुप्ता उर्फ चंदन (60) शनिवार रात करीब 2 बजे घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान जंगल की ओर से एक हाथी बस्ती के नजदीक पहुंच गया। अचानक हाथी के सामने आने पर उसने रतन गुप्ता पर हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाथी कुछ देर में वापस जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
बाकारूमा रेंज में 2-3 हाथियों की मौजूदगी
शनिवार के रिकॉर्ड के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 129 हाथी मौजूद हैं। इनमें 38 नर, 59 मादा और 32 शावक शामिल हैं। हाथियों के अलग-अलग दल वन मंडल की विभिन्न रेंज के जंगलों में विचरण कर रहे हैं।
बाकारूमा रेंज में फिलहाल 2 से 3 हाथियों के अकेले विचरण करने की जानकारी है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। हालांकि, जंगल से निकलकर हाथियों के बस्ती के करीब पहुंचने से ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है।











