बिलासपुर में PM मोदी के जन्मदिन की तैयारी, 10 लाख दीयों से रोशन होगा शहर; वजन के बराबर रक्तदान का दावा

बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में शाम 7 बजे करीब 10 लाख दीये जलाए जाएंगे। वहीं, स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में पीएम मोदी के वजन के बराबर रक्तदान करने का कार्यक्रम भी रखा गया है।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 हितग्राहियों को मकान की चाबियां भी सौंपी जाएंगी।
इसके अलावा रतनपुर और मल्हार में 11-11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए जाएंगे। जिले की 44 चयनित ग्राम पंचायतों में हर घर दीप जलाने की व्यवस्था की गई है। सरकारी भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इधर, कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को बुलाए जाने को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी और हजारों दीये जलाए जाने के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बच्चों को कार्यक्रम में शामिल करने से पहले अभिभावकों की अनुमति को लेकर भी सवाल उठाए।
वहीं, आयोजन समिति का कहना है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों में विभिन्न योजनाओं के हितग्राही और महिला स्व-सहायता समूह भी शामिल होंगे। रक्तदान शिविर सुबह 10 बजे से कोनी स्थित अस्पताल में आयोजित किया जाएगा।











