PM मोदी बोले- भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ा, ग्लोबल मार्केट तक पहुंच रहीं देश की सेमीकंडक्टर चिप्स

PM मोदी ने दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें एडिशन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की इकोनॉमी के साथ दुनिया का भारत पर भरोसा भी लगातार बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के प्लांट्स से निकलने वाली सेमीकंडक्टर चिप्स अब देश के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट तक पहुंचने लगी हैं। उन्होंने सितंबर में जारी तिमाही GDP रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण दौर में भी भारत ने 7.8% की ग्रोथ हासिल की।
मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर सेक्टर में सिर्फ फैक्ट्री लगाना ही पर्याप्त नहीं है। टेक्नोलॉजी और कैपेबिलिटी तैयार करने में दशकों लगते हैं। भारत ने चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, इक्विपमेंट, टेस्टिंग और पैकेजिंग जैसे क्षेत्रों पर एक साथ काम किया है।
उन्होंने बताया कि भारत ने सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा फेज शुरू किया है। पहले फेज की वैल्यू करीब 70 हजार 400 करोड़ रुपए थी, जबकि दूसरे फेज के लिए 1 लाख 18 हजार करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा गया है।
पीएम ने AI के लिए कंपाउंड सेमीकंडक्टर और सिलिकॉन फोटोनिक्स जैसी नई तकनीकों को इकोसिस्टम में शामिल करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये तकनीकें AI के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
इसके साथ ही भारत में सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को मजबूत करने और विदेशी कंपनियों के लिए भारतीय स्टार्टअप्स व डिजाइन फर्म्स के साथ सहयोग के नए रास्ते बनाने की बात कही गई।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर आगे बढ़ रहा है और सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी सरकार पॉलिसी, फंडिंग और रेगुलेटरी सपोर्ट के जरिए इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने पर काम कर रही है।











