मोदी के 76वें जन्मदिन पर खास आयोजन, वडनगर से वाराणसी तक निकली बाइक यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में PM मोदी ने अन्नपूर्णा योजना की किश्त जारी की।
इस दौरान PM मोदी ने कहा कि बंगाल के लोगों को लंबे समय तक केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार में इन योजनाओं का विस्तार किया गया है।
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने PM मोदी को लेकर कहा कि वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में हैं और उन्हें 36 देशों ने सम्मानित किया है। शाह ने गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक करीब 1300 किलोमीटर की बाइक रैली को रवाना किया। वाराणसी से भी वडनगर के लिए बाइक रैली शुरू हुई।
इस रैली में करीब 600 युवा, 10 राज्य और 193 जिले जुड़ेंगे। रैली का समापन 7 अक्टूबर को होगा।
‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की तैयारी
PM मोदी के जन्मदिन पर शाम 6 से 7 बजे तक देशभर में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोगों से घर के बाहर दीये जलाने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में 58 लाख, छत्तीसगढ़ में 36 लाख, हरियाणा में 79.52 लाख और पश्चिम बंगाल में 70 लाख दीये जलाने की तैयारी है।
अमित शाह के भाषण की 5 बड़ी बातें
अमित शाह ने PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, ‘इंडिया फर्स्ट’ के मंत्र, गरीबी से बाहर आए लोगों, गरीबों के लिए राशन और स्वास्थ्य योजनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा समेत कई मुद्दों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि मोदी ने लंबे समय तक लगातार काम किया और खुद को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में आगे रखा।











