सूर्यकुमार के जुनून में 1300 KM का सफर, फसल बेचकर बनवाई क्रिकेटर की मूर्ति

बालोद के किसान और क्रिकेट प्रेमी लोकेंद्र कुमार साहू ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन पर उन्हें खास तोहफा दिया। लोकेंद्र ने अपनी फसल बेचकर करीब 2 लाख रुपए खर्च किए और सूर्यकुमार की 4 क्विंटल की आदमकद सीमेंट की मूर्ति बनवाई।

लोकेंद्र 13 सितंबर को पिकअप से बालोद से मुंबई के लिए रवाना हुए। करीब 1300 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद 14 सितंबर को सूर्यकुमार के घर पहुंचे और मूर्ति उन्हें भेंट की।

लोकेंद्र ने बताया कि एशिया कप के दौरान शहीद परिवारों की मदद करने के सूर्यकुमार के फैसले से प्रभावित होकर उन्होंने यह मूर्ति बनवाने का फैसला किया।

2 घंटे घर के बाहर खड़े रहे

मुंबई पहुंचने के बाद लोकेंद्र ने सूर्यकुमार का पता ढूंढा और मूर्ति लेकर उनके घर के बाहर करीब 2 घंटे तक खड़े रहे। जानकारी मिलने पर सूर्यकुमार ने अपने कर्मचारी के जरिए उन्हें अंदर बुलाया।

मूर्ति देखकर सूर्यकुमार भी प्रभावित हुए। उन्होंने लोकेंद्र से कहा कि मूर्ति में उनकी हाइट, चेहरा और बारीकियां अच्छी तरह से बनाई गई हैं। उन्होंने लोकेंद्र का धन्यवाद भी किया।

सूर्यकुमार बोले- जल्द छत्तीसगढ़ आएंगे

इस मुलाकात का वीडियो सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया। बातचीत के दौरान उन्होंने लोकेंद्र से कहा कि वे जल्द छत्तीसगढ़ आएंगे और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे।

बालोद के इस फैन का 1300 किलोमीटर का सफर अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close