पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर दो कोयला ट्रेलरों की भिड़ंत, चालक घायल; पथराव से कई वाहनों के शीशे टूटे

पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर अमरपुर गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात कोयले से लदे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों भारी वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

हादसे में एक ट्रेलर चालक घायल

दोनों ट्रेलर कोयला लेकर जा रहे थे। अमरपुर के पास दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

लंबे जाम से परेशान रहे वाहन चालक

हादसे के बाद मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। भारी ट्रक सड़क पर आड़े-तिरछे फंस गए। छोटे वाहन किसी तरह किनारे से निकलते रहे, लेकिन बड़े वाहनों का आवागमन थम गया। सुबह तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री खत्म होने के बाद कई ट्रेलर चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। उनके मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।

भनवारटंक में वाहनों पर पथराव

इसी दौरान पेंड्रा से बिलासपुर जाने वाले मार्ग पर भनवारटंक स्थित मरही माता मंदिर के पास देर रात अज्ञात लोगों ने गुजर रहे वाहनों पर पथराव कर दिया। पथराव से कई वाहनों के शीशे टूट गए। कुछ राहगीरों को मामूली चोटें आने की भी जानकारी है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कई राहगीर और वाहन चालक घंटों रास्ते में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिलासपुर और पेंड्रा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में हंगामा कर राहगीरों को परेशान करते हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

पथराव की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण दोनों जिलों की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से पथराव करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close