तखतपुर स्कूल में बच्चों से पानी की भारी बाल्टी उठवाने का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने जांच के दिए निर्देश

बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के भरारी स्थित तेलियापुरान शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी की भारी बाल्टी टॉयलेट तक ले जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। वीडियो में बच्चे करीब 15 से 20 लीटर पानी से भरी बाल्टी ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
बाल्टी नहीं उठा पाए तो जमीन पर घसीटकर ले गए
वायरल वीडियो में कुछ बच्चे पानी से भरी बाल्टी उठाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वजन अधिक होने के कारण जब वे बाल्टी नहीं उठा पाए तो उसे जमीन पर घसीटते हुए टॉयलेट की ओर ले जाते दिखाई दिए।
वीडियो में एक व्यक्ति बच्चों से पूछता सुनाई दे रहा है कि क्या उनसे रोज इसी तरह पानी की बाल्टी उठवाई जाती है। बच्चों से शिक्षक का नाम पूछे जाने पर ‘लकड़ा’ नाम सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, बच्चों से नियमित रूप से ऐसा काम कराए जाने और संबंधित शिक्षक की भूमिका की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
DEO ने संयुक्त जांच के दिए निर्देश
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक को संयुक्त जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों से पानी की बाल्टी उठवाने के लिए कौन जिम्मेदार है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले भी सरकारी स्कूल में उठे थे सवाल
बिलासपुर जिले में इससे पहले भी सरकारी स्कूल में बच्चों के साथ व्यवहार को लेकर मामला सामने आ चुका है। मस्तूरी विकासखंड के बिटकुली प्राथमिक शासकीय स्कूल में एक बीमार बच्ची से उल्टी साफ कराने का आरोप लगा था। उस मामले में प्रधान पाठक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
अब भरारी के स्कूल का वीडियो सामने आने के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बच्चों से पानी की बाल्टी किसके निर्देश पर उठवाई गई थी।











