राजधानी में कारोबारी पर सरेआम हमला: कार रोककर की मारपीट, सोने की चेन लूटने का VIDEO आया सामने

रायपुर, 20 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े एक कारोबारी के साथ मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर मारकर पीछे का शीशा तोड़ा, फिर कार से उतरते ही डंडे, सरिया और हथौड़े से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने कारोबारी की सोने की चेन भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

घटना लालपुर ब्रिज के नीचे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार का शीशा टूटने के बाद जैसे ही कारोबारी बाहर निकला, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश खुलेआम हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com