दुर्ग में 11वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर दी जान, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के जांजगिरी गांव में 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सुबह एक युवती किसी काम से छात्रा के घर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो छात्रा फंदे से लटकी हुई थी। उसने तुरंत आसपास के लोगों, परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान लीना साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना के समय उसकी मां, बड़ी बहन, दादा और दादी अपने-अपने काम से घर से बाहर गए हुए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने सोमवार रात खाना नहीं खाया था और परिवार के सदस्यों से भी कम बातचीत की थी। मंगलवार सुबह उसकी बड़ी बहन स्कूल के लिए टिफिन तैयार कर काम पर चली गई, जबकि घर के अन्य सदस्य भी बाहर निकल गए। इसी दौरान छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। इसके बाद जांच टीम ने छात्रा के स्कूल पहुंचकर उसकी सहेलियों और शिक्षकों से भी पूछताछ की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी मानसिक तनाव या अन्य समस्या से जूझ रही थी या नहीं। फिलहाल जांच में ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, हाल की गतिविधियों, दिनचर्या और उसके परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











