9 साल से फरार 4 करोड़ के बैंक घोटाले का आरोपी गिरफ्तार, पहचान छिपाकर कर रहा था नौकरी

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने 4.11 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में 9 साल से फरार चल रहे आरोपी विपिन राठी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2017 से फरार था और अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
यह मामला पंजाब नेशनल बैंक की नजफगढ़ शाखा से जुड़े धोखाधड़ी प्रकरण का है, जिसमें साजिश के तहत बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया था। जांच के दौरान विपिन राठी की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। लंबे समय तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
हाल ही में एजेंसी को सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के मकान में रह रहा है और अपनी पहचान छिपाकर एक पार्किंग स्थल पर काम कर रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से कार्रवाई करते हुए उसे उसके कार्यस्थल से गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में देहरादून की विशेष अदालत ने लोक निर्माण विभाग से जुड़े भ्रष्टाचार प्रकरण में 8 सरकारी कर्मचारियों को दोषी ठहराया है। यह मामला करीब 55 लाख रुपये के घोटाले से संबंधित है, जिसमें फर्जी तरीके से सरकारी धन की निकासी की गई थी।
अदालत ने सभी दोषियों को दो-दो साल की सजा सुनाई है और उन पर जुर्माना भी लगाया है। यह मामला वर्ष 2001-02 का है, जिसमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर मिलकर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप साबित हुआ।











