अमेरिकी नागरिक माथे पर पासपोर्ट चिपकाकर घूमने लगे, सोशल मीडिया पर वायरल

अमेरिका में कुछ नागरिक माथे पर पासपोर्ट चिपकाकर घूमते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोग बताते हैं कि वे ऐसा इसलिए करते हैं ताकि किसी अधिकारी के पूछने पर तुरंत अपनी नागरिकता का सबूत दिखा सकें। एक टिकटॉकर ने अपने वीडियो में कहा कि यह उनका घूमने का तरीका है और इससे पहले कि कोई पूछे, उनका पासपोर्ट पहले से ही दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को 70 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
यह कदम अमेरिकी नागरिकों ने बढ़ती इमिग्रेशन और कस्टम्स इंफोर्समेंट (ICE) की कार्रवाइयों के विरोध में उठाया है। यह ट्रेंड दिसंबर से शुरू हुआ था और हाल ही में मिनियापोलिस में हुई दो मौतों के बाद और तेज हो गया। इन मौतों में ICU नर्स एलेक्स प्रेट्टी और तीन बच्चों की मां रिनी गुड शामिल हैं, जो ICE और बॉर्डर पेट्रोल की कार्रवाइयों के दौरान हुई थीं।
कुछ लोगों ने अपनी ड्राइविंग लाइसेंस भी सिर पर टेप किया। सोशल मीडिया पर सोमाली-अमेरिकी महिलाओं ने भी अपने पासपोर्ट सिर पर बांधकर चलने की बात बताई, ताकि किसी भी समय नागरिकता का प्रमाण दिखाया जा सके।
हालांकि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने स्पष्ट किया है कि REAL ID पासपोर्ट या इमिग्रेशन दस्तावेज नहीं है। यह केवल पहचान की पुष्टि करता है, कानूनी स्थिति की नहीं। अमेरिका में गैर-नागरिकों के लिए इमिग्रेशन दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है।











