सुंधा माता जा रहे युवक को पिकअप ने कुचला,मौत:रानीवाड़ा से पैदल निकला था श्रद्धालुओं के दल के साथ, एक साल पहले हुई थी शादी

रानीवाड़ा में सुंधा माता मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक श्रद्धालु को मंगलवार सुबह करीब 3 बजे कोटड़ा और धनपुरा गांव के बीच पीछे से आए पिकअप ट्राला ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को भीनमाल के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।
सहायक उप निरीक्षक संग्रामाराम ने बताया- मृतक की पहचान हितेश कुमार (28) पुत्र नानजी राम चौधरी निवासी रूपावटी कलां के रूप में हुई है। हितेश रानीवाड़ा से सुंधा माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के दल में शामिल था।
इसी दौरान कोटड़ा और धनपुरा गांव के बीच पीछे से आए पिकअप ट्राला ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पिकअप वाहन किया दस्तयाब
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन को दस्तयाब कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। हितेश गांव में खेती का काम करता था। उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। वह इस बार पांचवीं बार सुंधा माता के दर्शन के लिए जा रहा था।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर छा गई।











