बेगूसराय, औरंगाबाद में बारिश, पूरे बिहार में अलर्ट:24 जिलों में हैवी रेन की चेतावनी; अब तक सामान्य से 41% कम बारिश

बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बेगूसराय और औरंगाबाद में मूसलाधार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर 24 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पटना समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट है।

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर की वजह से पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। अगले 48 घंटे में बिहार में भी इसका असर देखने को मिलेगा। 19-20 अगस्त को कई जिलों में हेवी रेन की चेतावनी है।

बिहार में अब तक सामान्य से 41% कम बारिश दर्ज की गई है। अबतक 387.7 mm बारिश हुई है, जबकि 687.7 mm वर्षा होनी चाहिए थी।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

सोमवार को पटना में तेज बारिश हुई। महज 40 मिनट की बारिश में राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। करबिगहिया इलाके में सड़क पर 3 फीट तक पानी भर गया।

गया, जमुई, बेतिया, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार, खगड़िया, मधेपुरा और किशनगंज में भी बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद खगड़िया में कई गली-मोहल्लों में पानी भर गया।

पटना में आज बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज राजधानी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

  • 19 अगस्त: आरा, अररिया, औरंगाबाद, भागलपुर, बोधगया, बक्सर, छपरा, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, हाजीपुर, कटिहार, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और नालंदा में बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • 20 अगस्त: दक्षिण बिहार के जिलों, पटना, नालंदा, गया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, आरा और बक्सर में तेज बारिश होने की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा कई जिलों में दिनभर काले बादल छाए रह सकते हैं।
  • 21 अगस्त– बिहार में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी है। हालांकि 17-20 अगस्त की तुलना में 21 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।

    अगले 48 घंटे में बारिश की गतिविधि तेज होगी

    मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के पीछे बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी और सक्रिय मानसूनी सिस्टम प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़ी हवाओं के प्रभाव से बिहार और आसपास के इलाकों में बादल बन रहे हैं।

    हाल के दिनों में मौसम विभाग ने भी बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई थी। यही वजह है कि बिहार के बड़े हिस्से में एक साथ बारिश हो रही है।

    मानसून ट्रफ और नमी वाली हवाओं के अनुकूल स्थिति बने रहने पर अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com