छात्रों पर AK-47 से चली थी गोली,सीवान DM का ट्रांसफर:भरत एनकाउंटर के बाद नए IAS को भोजपुर की जिम्मेदारी; बिहार में 17 अफसरों का तबादला

सम्राट सरकार ने सोमवार देर रात बड़े स्तर पर IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सीवान के DM विवेक रंजन मैत्रेय को बदला गया है। यहां स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान AK-47 से गोली चली थी। विवेक रंजन मैत्रेय फिलहाल वेटिंग फॉर पोस्टिंग पर सामान्य प्रशासन गए है।
भरत एनकाउंटर के बाद नए IAS को भोजपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है। तनय सुल्तानिया की जगह मनोज कुमार मीणा को नया DM बनाया गया है। इन दोनों के साथ ही बिहार के 5 जिलों के DM को बदला गया है।
सरकार ने कई विभागों के प्रधान सचिव, अपर मुख्य सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है। पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है, जबकि राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, निगरानी, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और मद्य निषेध विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।
पंकज कुमार को गृह विभाग की जिम्मेदारी
1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार, जो अब तक ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव थे, उनका ट्रांसफर कर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में पहले की तरह बने रहेंगे।
पंकज कुमार के गृह विभाग में आने के बाद कुंदन कुमार गृह विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। कुंदन कुमार उद्योग विभाग के सचिव के साथ कई अन्य जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
राजेश कुमार बने पटना के नए कमिश्नर
2001 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पद से तबादला कर पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
वहीं, पटना के मौजूदा आयुक्त मयंक वरवड़े का ट्रांसफर कर निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
एचआर श्रीनिवास बने ग्रामीण विकास विभाग के ACS
1996 बैच के IAS अधिकारी एचआर श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से ट्रांसफर कर ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। श्रीनिवास जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
अरविंद कुमार चौधरी को बिपार्ड का अतिरिक्त प्रभार
1995 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। वे अगले आदेश तक बिपार्ड (BIPARD) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वे बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
विनय कुमार बने वित्त विभाग के प्रधान सचिव
1999 बैच के IAS अधिकारी विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव पद से ट्रांसफर कर वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। हालांकि, वे अगले आदेश तक नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध विभाग की जिम्मेदारी
2007 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग के सचिव (सम्पूर्ण प्रभार) पद से ट्रांसफर कर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है।
वे वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य कर आयुक्त/अपर आयुक्त GST और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह संभालते रहेंगे।
इस बदलाव के बाद नवीन कुमार मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के प्रभारी सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।
शिक्षा विभाग में भी बड़ा बदलाव
2010 बैच के IAS अधिकारी राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से ट्रांसफर कर शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वे उच्च शिक्षा विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। इसके साथ ही वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास बना रहेगा।
वहीं, विनोद सिंह गुंजियाल, जो निर्वाचन विभाग के सचिव-सह-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे शिक्षा विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।











