बारात लौटी ही थी, बुझ गया घर का चिराग… बरेली में दर्दनाक सड़क हादसा

बरेली : जनपद के थाना शाही क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपने बड़े भाई की शादी में मिली नई बाइक से घूमने निकला था.शादी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
जानकारी के अनुसार, कस्बा शाही के मोहल्ला पंतनगर निवासी लव कुश (पुत्र कृष्णा कश्यप) के बड़े भाई नन्हा की बारात शनिवार को ही घर लौटी थी.घर में नई बहू के आगमन को लेकर जश्न का माहौल था. इसी खुशी के बीच बड़े भाई की शादी में मिली नई बाइक का विधि-विधान से पूजन किया गया.पूजन के बाद लव कुश अपने भाई के साथ बाइक लेकर दोहरा रोड की ओर घूमने निकल गया.
बताया जा रहा है कि पुलिया से आगे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि लव कुश गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है.
मृतक लव कुश तीन भाइयों और चार बहनों में छ्ठे नंबर का था.उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया.जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है.









