औरंगाबाद: पढ़ाई पर ठंड भारी, जिलाधिकारी ने फ़िर जारी किया स्कूल बंद करने का आदेश…

औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले में जारी अत्यधिक ठंड एवं शीत लहर को देखते हुए जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनज़र महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है.
जिलाधिकारी ने जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, निजी कोचिंग संस्थानों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित) में कक्षा 8वीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर दिनांक 29 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है साथ ही, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों एवं निजी कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों पर दिनांक 29 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पूर्वाह्न 11:00 बजे से पहले तथा अपराह्न 03:30 बजे के पश्चात् प्रतिबंध लागू रहेगा. परीक्षा के लिए संचालित की जाने वाली विशेष कक्षाओं को उक्त आदेश से मुक्त रखा गया है. सभी विद्यालय एवं संस्थान प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें.
जिले में ठंड एवं मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुरूप आगे आवश्यक निर्णय लिया जाएगा.









