छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, इलाज के दौरान ली अंतिम सांस

छत्तीसगढ़ भाजपा और प्रदेश की राजनीति के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे बिलासपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने किया बचाने का प्रयास

सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया। कुछ समय तक उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।इस खबर के सामने आते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता भी स्तब्ध नजर आए।

भाजपा संगठन में थी मजबूत पकड़

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे। संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण पार्टी में उनका खास सम्मान था।वे प्रशिक्षण शिविर में बतौर प्रशिक्षण प्रभारी शामिल हुए थे, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे। अचानक हुई इस घटना से पूरा आयोजन शोक में बदल गया।

योग आयोग अध्यक्ष बनने के बाद रहे सक्रिय

जनवरी 2025 में रूपनारायण सिन्हा को छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर वे लगातार सक्रिय रहते थे और प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com