हार के बाद हार्दिक पंड्या पर BCCI का शिकंजा, मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को दोहरा झटका लगा। एक ओर टीम को हार का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर मैच के दौरान आक्रोश जताने पर बीसीसीआई ने उन पर जुर्माना भी लगा दिया। बोर्ड ने पंड्या की मैच फीस में 10 प्रतिशत कटौती की है।
मैदान पर गुस्सा दिखाना पड़ा भारी
यह मामला केकेआर की पारी के 10वें ओवर का है। ओवर की चौथी गेंद के बाद हार्दिक पंड्या रन-अप की ओर लौट रहे थे, तभी उन्होंने गुस्से में विकेट पर लगी बेल्स गिरा दीं। इस हरकत को आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन माना गया।
मैच रेफरी के सामने हार्दिक पंड्या ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद मामले को वहीं समाप्त कर दिया गया। उन पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.2 के तहत कार्रवाई की गई।
बल्ले और गेंद दोनों से नहीं चला जादू
मुकाबले में हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, लेकिन उनकी पारी काफी धीमी रही। उन्होंने 27 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था।
गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन साधारण रहा। पंड्या ने 2 ओवर में 13 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। टीम की हार के बाद उनके प्रदर्शन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
IPL 2026 में खराब रहा मुंबई का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस अब तक उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। टीम ने 9 मैचों में सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो हार्दिक पंड्या ने इस सीजन में अब तक 172 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 4 विकेट हासिल किए हैं। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण टीम पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने का खतरा भी मंडराने लगा है।











