संन्यास से पहले अरिजीत सिंह ने बनाई करोड़ों की संपत्ति, जानिए कमाई और फीस का पूरा हिसाब

मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा कर अपने प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। करीब 15 साल के करियर में उन्होंने अपनी आवाज के दम पर न सिर्फ लोकप्रियता हासिल की, बल्कि बड़ी संपत्ति भी बनाई। आज वह देश के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले गायकों में शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरिजीत सिंह की कुल संपत्ति लगभग 414 करोड़ रुपये बताई जाती है। उन्होंने हिंदी, बंगाली, मराठी और तेलुगु समेत कई भाषाओं में 400 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है, जिससे उनकी पहचान देश-विदेश तक बनी।
लाइव शो और कॉन्सर्ट से भी होती है बड़ी कमाई
अरिजीत सिंह की आमदनी का बड़ा हिस्सा लाइव शो और कॉन्सर्ट से आता है। बताया जाता है कि वह दो घंटे की परफॉर्मेंस के लिए करीब 14 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं। उनकी सालाना आय लगभग 70 करोड़ रुपये मानी जाती है, जिसमें ब्रांड एंडोर्समेंट का भी योगदान है।
मुंबई में महंगे घर और लग्जरी गाड़ियां
अरिजीत के पास मुंबई के वर्सोवा इलाके में चार आलीशान अपार्टमेंट हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये में बताई जाती है। इसके अलावा उनके पास रेंज रोवर वोग, हमर और मर्सिडीज-बेंज जैसी लग्जरी कारें भी हैं।
एक गाने के लिए कितनी लेते थे फीस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत सिंह फिल्म के लिए एक गाना गाने के बदले करीब 8 से 10 लाख रुपये लेते थे। कुछ रिपोर्ट्स में यह फीस इससे ज्यादा भी बताई गई है। वहीं, एक लाइव परफॉर्मेंस के लिए उनकी फीस करोड़ों में होती थी।
18 साल की उम्र में शुरू हुआ था सफर
अरिजीत ने 18 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की थी और ‘तुम ही हो’ गाने ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार हिट गानों से संगीत जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
संन्यास के बाद भी रहेगा संगीत से नाता
अरिजीत सिंह ने साफ किया है कि वह फिल्मों के लिए गाना नहीं गाएंगे, लेकिन संगीत से दूर नहीं होंगे। वह आगे भी कॉन्सर्ट, एल्बम और अन्य प्रोजेक्ट्स के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़े रहेंगे।
अरिजीत सिंह की सफलता, मेहनत और सादगी आज भी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है।











