रिलीज से पहले ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का जलवा, एडवांस बुकिंग में 2 दिन में 3 करोड़ के पार पहुंची कमाई

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु जैसे कलाकारों की वापसी वाली इस फिल्म ने बुकिंग शुरू होने के महज दो दिनों में मजबूत कमाई दर्ज की है।

31 अगस्त से फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हुई थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 2 सितंबर सुबह तक पहले दिन के लिए 68 हजार 121 टिकट बुक हो चुके थे। इन टिकटों से करीब 1.98 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। वहीं, ब्लॉक सीटों को भी शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर करीब 3.34 करोड़ रुपये हो जाता है।

4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज में अभी दो दिन का समय बाकी है। ऐसे में एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के रिलीज से पहले ही एक लाख से ज्यादा टिकट बुक होने की संभावना जताई जा रही है।

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसका निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। फिल्म में ‘मिर्जापुर’ सीरीज के चर्चित किरदार और कलाकार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।

वेब सीरीज की लोकप्रियता का मिल रहा फायदा

फिल्म को लेकर उत्साह की एक बड़ी वजह ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी का मजबूत फैन बेस है। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2018 में हुई थी। इसके बाद 2020 में दूसरा और 2024 में तीसरा सीजन रिलीज हुआ। अब दर्शकों को फिल्म के जरिए इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।

फ्रेंचाइजी के चौथे सीजन का भी दर्शकों को इंतजार है। हालांकि, उससे पहले फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म को सिनेमाघरों में अच्छी शुरुआत मिल सकती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close