दुर्ग में H1N1 का बढ़ा खतरा, 17 मरीज मिले; 9 एक्टिव केस, 7 अस्पताल में भर्ती

दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जिले में 4 नए मरीज मिलने के बाद अब तक कुल 17 पॉजिटिव केस की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ये आंकड़े 1 सितंबर तक के हैं।
फिलहाल जिले में 9 मरीज एक्टिव हैं। इनमें 7 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 2 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी एक्टिव मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
नए मामलों के बाद निगरानी बढ़ाई
H1N1 के नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की निगरानी तेज कर दी है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। इसके साथ ही पॉजिटिव मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
अस्पतालों को भी नए संक्रमित मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं समेत कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। H1N1 संक्रमण के शुरुआती लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं।
बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सर्दी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही गई है। वहीं, बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
संक्रमण की कड़ी पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी भी निगरानी कर रहा है। H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली सांस की बूंदों के जरिए फैल सकता है। ऐसे में भीड़भाड़ और बंद जगहों पर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।











