रायगढ़ के कमरगा गांव में 20 दिन से बिजली बंद, ट्रांसफार्मर खराब होने से 400 परिवार परेशान

लैलूंगा ब्लॉक के कमरगा गांव में पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर पर गाज गिरने से वह खराब हो गया था। इसके बाद से अब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। बिजली गुल होने से गांव के करीब 400 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली बंद होने से पानी की समस्या बढ़ी

ग्रामीणों के मुताबिक बिजली नहीं होने के कारण पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। लोग आसपास के कुओं और अन्य साधनों से पानी जुटाकर काम चला रहे हैं। बिजली के अभाव में घरों के जरूरी कामकाज और रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

रात के समय गांव की गलियों और रास्तों में अंधेरा छाया रहता है। घरों में रोशनी के लिए ग्रामीणों को मोमबत्ती और चिमनी का सहारा लेना पड़ रहा है। लंबे समय से बिजली बहाल नहीं होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

लिखित शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर की जानकारी विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। इस संबंध में लिखित शिकायत भी की गई है। इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर की मरम्मत या नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि खराब ट्रांसफार्मर को जल्द ठीक कराया जाए या उसकी जगह नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सके।

20 दिन से अंधेरे में गांव

गांव की सरपंच कुसूम खलखो ने बताया कि बिजली बंद होने से ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए लोगों को दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, रात में पूरे गांव में अंधेरा रहता है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close