रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, इलाज के दौरान मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग पर मरम्मत कार्य कर रहा एक मजदूर अचानक करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय वेटिंग एरिया में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

काम के दौरान बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार मजदूर सीलिंग पर मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर यात्रियों के बीच गिरा, जिससे कुछ देर के लिए लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

मिली जानकारी के मुताबिक घायल मजदूर की पहचान कुबेर चंद साहू (32 वर्ष) निवासी जीजामगांव, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना स्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ऊंचाई पर काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल नहीं किया गया था। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

परिजनों का एयरपोर्ट में हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन एयरपोर्ट पहुंचे। यहां एयरपोर्ट प्रबंधन और पुलिस के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्हें शव देखने नहीं दिया जा रहा था और अंदर जाने से रोका गया। इसे लेकर एयरपोर्ट परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनों ने एयरपोर्ट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com