सहारनपुर: रालोद को बड़ा झटका, 26 साल तक पार्टी में रहे पूर्व जिलाध्यक्ष ने ज्वाइन की आसपा

सहारनपुर: 26 साल से रालोद से जुड़े पूर्व जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम ने पार्टी को अलविदा कह दिया है. उन्होंने आज दिल्ली में आजाद समाज पार्टी कांशीराम का दामन थाम लिया. पार्टी बदलते ही उन्होंने रालोद पर उसूलों से समझौता करने का आरोप लगाया. पार्टी छोड़ने की मुख्य वजह भी इसी को बताया.
राव कैसर सलीम ने बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को अपना आदर्श मानते हैं. उनके राजनीतिक जीवन और समाज में उनके योगदान तथा चौधरी अजित सिंह के विचारों से प्रभावित होकर वह 1999 में रालोद से जुड़े थे. तब से लगातार पार्टी की सेवा करते रहे हैं. पार्टी ने भी उन्हें सम्मान दिया. जिलाध्यक्ष सहित कई पदों पर रहते हुए पार्टी की सेवा करने का मौका मिला. कहा कि बीते कुछ समय से उन्होंने महसूस किया, कि पार्टी अपने उसूलों और एजेंडे से भटक रही है.
गलत लोग पार्टी में हावी हो रहे हैं, जो पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं. बीते डेढ़ साल से पार्टी में दम घुटने लगा था. काफी विचार करने के बाद आजाद समाज पार्टी में जाने का मन बनाया, क्योंकि वहां काम और ईमानदारी की पूछ है. पार्टी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें पटका पहनाकर पूरे सम्मान के साथ पार्टी में शामिल किया है. अब वह आजाद समाज पार्टी के साथ रहकर समाज के किसानों, दबे, कुचले और मजलूम लोगों की आवाज बनेंगे.











