डिजिटल सुशासन की बड़ी पहल: सेवा सेतु पोर्टल पर आय, जाति, निवास समेत 441 सेवाएं एक क्लिक पर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन कर उन्हें सेवा सेतु केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, त्वरित और डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है। अब ग्राम पंचायत स्तर पर भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए ऑनलाइन विवाह प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे नागरिक घर बैठे विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
एक ही पोर्टल पर मिल रही सैकड़ों सेवाएं
ई-जिला प्रबंधक श्रुति अग्रवाल ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना, ग्रामीण एवं शहरी विवाह प्रमाण-पत्र, भू-नकल सहित 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे ऑनलाइन माध्यम का अधिक से अधिक उपयोग कर सेवाओं का लाभ लें।
अब नहीं लगाने पड़ रहे दफ्तरों के चक्कर
पहले नागरिकों को अलग-अलग प्रमाण-पत्र और सरकारी सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय, श्रम और पैसे की बड़ी खपत होती थी। सेवा सेतु पोर्टल ने इस व्यवस्था को बदलते हुए लोगों को वन स्टॉप सॉल्यूशन उपलब्ध कराया है। अब नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं।
आय प्रमाण-पत्र की सबसे ज्यादा मांग
प्रमाण-पत्रों में सबसे अधिक मांग आय प्रमाण-पत्र की देखी जा रही है। इसके अलावा मूल निवास, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन अधिसूचना, विवाह प्रमाण-पत्र और भू-नकल सेवाओं का भी बड़े स्तर पर उपयोग हो रहा है। इससे साफ है कि नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना बेहद जरूरी था।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिल रहा बड़ा फायदा
सेवा सेतु पोर्टल का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को मिल रहा है। अब लोग कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र और इंटरनेट आधारित सेवाओं के जरिए आसानी से आवेदन कर पा रहे हैं। इससे प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनी है।
86 सेवाओं से बढ़कर पहुंचा 441 के पार
छत्तीसगढ़ में पहले ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं। समय की जरूरत को देखते हुए इसका उन्नत संस्करण ‘सेवा सेतु’ विकसित किया गया। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें 54 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं, जबकि 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का भी सफल एकीकरण किया गया है। तीस से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग पोर्टल पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा।











