CG news: बिजली कनेक्शन के नाम पर 9,500 रुपये घूस लेते JE और लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार

पूरा मामला मनेंद्रगढ़ के डोमनपारा का है, जहां रहने वाले प्रार्थी रमेश सिंह ने अपने खेत में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन हेतु बिजली विभाग में बकायदा आवेदन किया था। विभाग की ओर से इस कनेक्शन के लिए सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया था।

CG news।मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है।

एसीबी चीफ अमरेश मिश्रा के कड़े निर्देशों पर आज प्रदेश में दो बड़ी रंगे हाथ गिरफ्तारी की कार्रवाइयां की गईं।

बेमेतरा जिले के साजा तहसील में पटवारी ओमकार सोनवानी को रिश्वत लेते दबोचे जाने के कुछ ही घंटों बाद, अब मनेंद्रगढ़ बिजली विभाग में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता (JE) मनीष कुमार और लाइनमैन राकेश शुक्ला को साढ़े नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

दोनों आरोपियों ने एक किसान से उसके खेत में सिंचाई के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन देने के एवज में इस मोटी रकम की मांग की थी।

यह पूरा मामला मनेंद्रगढ़ के डोमनपारा का है, जहां रहने वाले प्रार्थी रमेश सिंह ने अपने खेत में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन हेतु बिजली विभाग में बकायदा आवेदन किया था। विभाग की ओर से इस कनेक्शन के लिए सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया था।

लेकिन इसके बावजूद उसे कनेक्शन देने में जानबूझकर टालमटोल की जा रही थी।

पीड़ित रमेश सिंह ने जब इस संबंध में विभाग के लाइनमैन राकेश शुक्ला से संपर्क किया, तो उसने साफ शब्दों में कनेक्शन लगाने के नाम पर 10,000 रुपये की घूस मांगी। लाइनमैन ने पीड़ित से कहा कि यह पैसा उसे कनिष्ठ अभियंता (JE) मनीष कुमार को जाकर देना होगा।

प्रार्थी रमेश सिंह भ्रष्टाचार के आगे झुकना नहीं चाहता था, बल्कि वह इन घूसखोरों को कानून के शिकंजे में कसवाना चाहता था। इसी सोच के साथ उसने अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

एसीबी की टीम ने जब गोपनीय तरीके से शिकायत का भौतिक सत्यापन किया, तो दोनों आरोपियों और प्रार्थी के बीच आखिरकार 9,500 रुपये की घूस लेने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और 25 मई 2026 को ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही प्रार्थी ने कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार और लाइनमैन राकेश शुक्ला को 9,500 रुपये की केमिकल युक्त रकम थमाई, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने दोनों को रंगे हाथों धर दबोचा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट 1988, संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मनेन्द्रगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com