छत्तीसगढ़: को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष निंरजन सिन्हा ने ग्रहण किया पदभार, किसानों को लेकर कहा की…

रायपुर: जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन सिन्हा और उपाध्यक्ष अभिनेष उर्फ बॉबी कश्यप  ने आज जिला सहकारी बैंक परिसर रायपुर में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया. इस दौरान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में  रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद  जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं समेत किसानों का उत्साह के बीच घंटेभर  तक नवनियुक्त अध्यक्ष सिन्हा के स्वागत-अभिनंदन का सिलसिला जारी रहा.
रायपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष पद पर नामांकित किये जाने के बाद किसान नेता निरंजन सिन्हा ने भाजपा संगठन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी के साथ करेंगे। बैंक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किसानों और बैंक के ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
सिन्हा ने आगे कहा कि  किसानों, कृषक समूहों और सहकारी समितियों के हितों के लिये वे सहकारिता को सशक्त माध्यम बनाने का काम करेंगे. किसानों की प्रगति, उनकी उन्नति और आर्थिक मजबूती के लिए सहकारी बैंक की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाने का सतत प्रयास रहेगा. बैंक की सेवाओं का विस्तार किया जाएगा और सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सहकारिता के मूल मंत्र विश्वास, सहभागिता और विकास को आधार बनाकर किसानों को समय पर ऋण, बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ और नई संभावनाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। सभी जनप्रतिनिधियों और किसानों के सहयोग से सहकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सहकारिता से जुड़े नेतागण, भाजपा नेतागण, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अधिकारी-कर्मचारीगण एवं आसपास के किसान उपस्थित थे.