कोरिया में CM साय का एक्शन मोड, सहकारी बैंक लेखापाल सस्पेंड

कोरिया। Vishnu Deo Sai गुरुवार को कोरिया जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। मुख्यमंत्री ने सहकारी बैंक में पदस्थ लेखापाल कल्लू प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए। खाद गबन प्रकरण में कार्रवाई करने में लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
शिकायत मिलते ही सीएम ने लिया बड़ा फैसला
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री को सहकारी बैंक से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच में यह सामने आया कि खाद गबन मामले में समय पर कार्रवाई नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही बरती। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए लेखापाल के निलंबन के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त भी हुए सस्पेंड
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके खिलाफ कार्य में लापरवाही और शिकायतों की लगातार जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का आदेश दिया गया।
जीरो टॉलरेंस नीति का दिखा असर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लगातार बैक-टू-बैक एक्शन से साफ हो गया है कि सरकार प्रशासनिक लापरवाही को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। सौम्य छवि के बावजूद मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति अब अधिकारियों में सख्त संदेश देती नजर आ रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिलना चाहिए और आवास निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।











