राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट: 2 डिग्री पारा तक गिरेगा, कल जयपुर में छाए रहेंगे बादल

जयपुर: राजस्थान में सर्दी का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है. इसके साथ ही आज और कल कुछ इलाकों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश में न सिर्फ रातें बल्कि दिन भी ठंडे होते जा रहे हैं, क्योंकि अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है. करौली में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बाड़मेर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, पिछले दो दिनों की कड़ाके की ठंड के बाद अब लोगों को कुछ राहत महसूस हो रही है.

उदयपुर संभाग में छाया कोहरा

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और इस दौरान उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं कोहरा दर्ज किया गया. अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. यह सीकर के फतेहपुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस, दौसा में 5 डिग्री, पाली और अंता में 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, नागौर में 6.6, सीकर में 7.5, लूणकरणसर में 6.1, दौसा में 5, और अलवर में 6 डिग्री तापमान रहा.

जयपुर में तेज सर्द हवा ने बढ़ाई ठंड

बीते दिन राजधानी जयपुर में अधिकतम 23.7 और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. तापमान में गिरावट के साथ ही तेज सर्द हवा ठंड के एहसास को और बढ़ा रही है. जयपुर में अगले 1-2 दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है. साथ ही न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी.

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 7 दिन तक मौसम शुष्क रहेगा. आज कुछ शहरों में शीतलहर की संभावना है. अलवर, झुंझनू, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर और चूरू में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com