कलेक्टर-एसपी पहुंचे धान खरीदी केंद्र: टोकन, बारदाना और धान उठाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बलरामपुर: खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी के तहत कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने विकासखंड बलरामपुर के कपिलदेवपुर तथा वाड्रफनगर के डोंगरो धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समिति प्रबंधकों से पंजीकृत किसानों की संख्या, अब तक खरीदे गए धान की मात्रा, काटे गए टोकनों की स्थिति तथा खरीदी हेतु बनाए गए रोस्टर की जानकारी ली. साथ ही केंद्रों में उपलब्ध बारदानों का भौतिक निरीक्षण कर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

कलेक्टर एवं एसपी ने केंद्रों में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर धान विक्रय में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली. किसानों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया सामान्य रूप से संचालित हो रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में कोचियों एवं बिचौलियों से धान की खरीदी न की जाए. धान खरीदी केंद्रों में जाम की स्थिति से बचने के लिए धान का निरंतर और समयबद्ध उठाव सुनिश्चित किया जाए.

साथ ही खरीदी प्रभारियों को किसानों के साथ सहयोगपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com