महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का सांस्कृतिक प्रदर्शन, गीत-संगीत के जरिए सरकार पर साधा निशाना

दुर्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में राजीव भवन में अनोखा प्रदर्शन किया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और व्यंग्यात्मक गीतों के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ता मशहूर गीत “महंगाई डायन खाए जात है…” पर थिरकते नजर आए और महंगाई को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

गीत-संगीत के जरिए जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान लोक गायक खुमान सिंह यादव ने सहयोगी कलाकार संतोष निषाद, पवन यादव और संजय खरे के साथ प्रस्तुति दी। चौपाल शैली में आयोजित इस कार्यक्रम में गीत, संगीत और नारों के जरिए पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

कांग्रेस ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका असर रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है। रसोई गैस के बढ़ते दामों से महिलाओं का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि गरीब, किसान और मजदूर आर्थिक बोझ झेल रहे हैं।

कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में विक्रांत अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राम सूर्यवंशी, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रकाश ठाकुर, जामवंत गजपाल, पवन पटेल, लोचन यादव, ज्वाला प्रसाद साहू, श्यामाचरण मनहर, शमसीर कुरैशी, संतलाल बंजारे, विशाल देशमुख, लक्ष्मी साहू, योगिता चंद्राकर और रज्जाक खाना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com