हाई रिटर्न का झांसा देकर ठगी, साइबर सेल ने पीड़ित को 1.28 लाख रुपये लौटाए

बुरहानपुर में ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए ठगों के खातों को फ्रीज कर पीड़ित को 1.28 लाख रुपये वापस दिलाए हैं। ठगों ने हाई रिटर्न ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट का लालच देकर युवक से बड़ी रकम ठग ली थी।
जानकारी के अनुसार, न्यू शिव कॉलोनी निवासी एक युवक को ऑनलाइन निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया गया। ठगों ने उसे कम समय में लगभग 10 लाख रुपये रिटर्न का वादा किया, जिसके चलते युवक ने उनके बताए खाते में 3,90,400 रुपये जमा कर दिए।
कुछ समय बाद जब युवक ने अपनी निवेश राशि वापस लेने की कोशिश की तो पैसे नहीं लौटाए गए। इस पर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया और विभिन्न बैंकों के समन्वय से 1.28 लाख रुपये की राशि वापस दिलाई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले लालच से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।











