साइबर टीम का सुपरहिट ऑपरेशन, बरेली में मोबाइल रिकवरी की धूम

बरेली : जिले में गुम और खोए हुए मोबाइल फोन को लेकर परेशान नागरिकों के लिए बरेली पुलिस ने बड़ी राहत दी है.वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली के निर्देश पर चलाए गए विशेष मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत पुलिस ने कुल 481 मोबाइल फोन बरामद किए हैं.बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है.
यह सफलता CEIR पोर्टल, साइबर टीम और सर्विलांस सेल के संयुक्त व सतत तकनीकी प्रयासों से मिली है.पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिसंबर माह में लगातार तकनीकी विश्लेषण, ट्रैकिंग और निगरानी के आधार पर मोबाइल फोन की लोकेशन चिन्हित की गई, जिसके बाद उन्हें बरामद किया गया.
बरामद मोबाइल फोन रिज़र्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए. अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी.मोबाइल स्वामियों ने बरेली पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम के दौरान इस अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा और जनसेवा के प्रति नई ऊर्जा व प्रेरणा मिली.
पुलिस विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक कुल 3132 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। बरेली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनहित में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सहायता मिलती रहे.











