दुर्ग में गर्लफ्रेंड के घर की छत पर मिला युवक का शव, शराब पार्टी के बाद हुआ था विवाद

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गर्लफ्रेंड के घर की छत पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक सोमवार रात दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शुरुआती जांच के मुताबिक, विवाद के दौरान गर्लफ्रेंड ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक गुस्से में घर की छत पर चला गया।

कुछ देर बाद गर्लफ्रेंड उसे देखने छत पर पहुंची तो वह बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसने युवक को होश में लाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।

शराब पार्टी के बाद हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा रायगढ़ की रहने वाली उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी।

इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद उसने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना ने उसे वहां बेसुध हालत में देखा।

अंजलीना और घर में मौजूद अन्य लोग सिद्धांत को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट

घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने घटना के समय घर पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सिद्धांत किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ और उसकी मौत किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com