जांजगीर-चांपा में सनसनी: नहर किनारे मिली युवक की लाश, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा जिले के कोटमी सोनार क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की लाश क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर किनारे पड़ी मिली। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान लक्ष्मी नारायण ओग्रे के रूप में हुई है, जो ठडगाबहरा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सुबह स्थानीय लोगों ने नहर किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना अकलतरा पुलिस को दी गई।
मौके पर मिला महुआ शराब
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान शव के पास महुआ शराब भी बरामद हुआ है। इससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।











