यात्री बस रोककर चालक से मारपीट और धमकी, वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी कार्रवाई की मांग

कवर्धा जिले में बीच सड़क पर एक यात्री बस को रोककर चालक के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में कुछ युवक बस चालक के साथ गाली-गलौज करते और बेल्ट लहराकर जान से मारने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे की है। मुंगेली से पंडरिया आ रही एक यात्री बस को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने काफी देर तक बस को सड़क पर खड़ा रखकर हंगामा किया, चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
घटना के समय बस में महिला, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार मरीज समेत कई यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जिले में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।











