अकलतरा नगर पालिका में ताला बंदी, अध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन

अकलतरा में नगर पालिका एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। अध्यक्ष और पार्षदों के बीच बढ़ते टकराव ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है। गुरुवार सुबह भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
सामान्य सभा की बैठक के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले आयोजित सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी और पार्षदों के बीच तीखी बहसबाजी हुई थी। विवाद का मुख्य कारण तालाब गहरीकरण कार्य और प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे बताए जा रहे हैं।बैठक के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि अध्यक्ष बीच बैठक से उठकर चली गईं। इसके बाद से ही पार्षदों में नाराजगी बनी हुई थी।
दोबारा बैठक बुलाने पर भड़के पार्षद
बताया जा रहा है कि आज सामान्य सभा की दोबारा बैठक बुलाई गई थी। इससे नाराज पार्षद सुबह ही नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।भीषण गर्मी के बावजूद भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षद धरने पर बैठे रहे और अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
मौके पर पहुंची पुलिस
नगर पालिका कार्यालय में हंगामे और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और पार्षदों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।











